Thursday, October 22nd, 2026

निगम चुनाव के बाद तेज होगा प्रस्तावित ओवर ब्रिज का काम

भोपाल
पुराने शहर में इमामी गेट के पास होने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान फिलहाल होने के कोई आसार नहीं है, क्योंकि यहां पर इमामीगेट से मोती मस्जिद के बीच प्रस्तावित ओवर ब्रिज का काम निगम चुनाव के बाद ही शुरू हो पाएगा। इसके लिए सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाना है पर यह काम तीन साल से अटका हुआ है। जिन लोगों के मकान और दुकान इसके दायरे में आ रहे हैं। उन्हें वर्तमान कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर मुआवजे का भुगतान कर उनकी जमीन ली जाएगी।

 हाल ही में नगर निगम ने 53 मकान व दुकान मालिकों की कुल 650.13 वर्गमीटर जमीन का भू-अर्जन करने के लिए मुआवजा राशि देने की स्वीकृति जिला प्रशासन को दी थी। निगम ने कलेक्टर गाइडलाइन के हिसाब से तय राशि की 10 फीसदी राशि कलेक्टर कार्यालय के पास जमा करा दी है।

मोती मस्जिद से पीरगेट व इससे आगे तक फ्लाईओवर के बनने से पुराने शहर के करीब छह बाजारों के साथ ही 50 हजार से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी। फ्लाई ओवर बनने से वन वे व्यवस्था तो खत्म होगी ही, वाहन भी तेज से आवाजाही कर सकेंगे। इसके साथ ही चौक बाजार, जुमेराती, लखेरापुरा, आजाद मार्केट समेत सुल्तानिया रोड, भोपाल टॉकीज जैसे क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा। जिन्हें पुराने भोपाल के बाजारों में नहीं जाना है वे सीधे निकल जाएंगे।

मोती मस्जिद से इमामी गेट तक सड़क चौड़ीकरण और ओवर ब्रिज बीआरटीएस के तहत प्रस्तावित है। इसमें सबसे बड़ी बाधा 53 मकान और दुकान बने हुए थे। इनके अधिग्रहण के लिए मुआवजा देने पर निगम सहमत नहीं हो रहा था। जिला प्रशासन ने 53 मकान व दुकान की कुल 650.13 वर्गमीटर जमीन का अधिग्रहण करने के लिए वर्ष 2012 में तत्कालीन कलेक्टर गाइडलाइन के हिसाब से 16.87 करोड़ रुपए का प्रस्ताव दिया था। इस भूमि अधिग्रहण के लिए 10 प्रतिशत राशि जिला प्रशासन के पास जमा कराने के निर्देश दिए थे। नगर निगम प्रशासन ने हाल ही में इस प्रस्ताव पर अपनी मंजूरी देते हुए 10 प्रतिशत राशि जमा करा दी है।

 

#निगम चुनाव

Source : Agency

पाठको की राय